ICU में हुई अनोखी शादी: दूल्हा बारात लेकर पहुंचा अस्पताल, ICU में दुल्हन की मांग में भरा सिंदूर
ख़बर पड़ताल ब्यूरो:- एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दूल्हा अपनी बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंच गया और ICU में भर्ती दुल्हन की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की। इस अनोखी शादी को देखकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर, नर्स, स्टाफ और परिजन भावुक हो गए।
जानकारी के अनुसार यूपी के गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव निवासी पूजा यादव की शादी महादेवा बाजार के महुआ निवासी सन्नी यादव से तय हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तारीख 13 मई 2026 निर्धारित की गई थी और घरों में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं।
बताया जा रहा है कि पूजा यादव LLB अंतिम सेमेस्टर की छात्रा हैं। शादी वाले दिन भी वह खलीलाबाद स्थित कॉलेज में परीक्षा देने अपने भाई के साथ गई थीं। परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पूजा को अचानक चक्कर आ गया और वह बाइक से सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और काफी खून बहने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पूजा को गोरखपुर के दाउदपुर स्थित आर्यन अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत ICU में शिफ्ट कर दिया। परिवार में खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया और महिलाओं में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने डॉक्टरों को बताया कि उसी रात पूजा की शादी होनी है। डॉक्टरों ने बताया कि पूजा खतरे से बाहर हैं, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जा सकती।
इसके बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से फैसला लिया कि शादी तय मुहूर्त पर ही होगी। घर पर बाकी सभी रस्में निभाई जाएंगी, जबकि सिंदूरदान की रस्म अस्पताल में पूरी की जाएगी। परिवार की अनुमति और अस्पताल प्रशासन की सहमति के बाद रात करीब 1 बजे दूल्हा सन्नी यादव बारात लेकर अस्पताल पहुंचा।
दूल्हे के साथ कुछ करीबी रिश्तेदार और पंडित भी मौजूद थे। ICU में मंत्रोच्चारण के बीच दूल्हे ने पूजा यादव की मांग में सिंदूर भरा और दोनों ने सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन लिया। यह भावुक दृश्य देखकर अस्पताल का स्टाफ और परिजन भी अपनी भावनाएं नहीं रोक सके।
सिंदूरदान के बाद दूल्हा वापस गांव लौट गया, जहां शादी की बाकी रस्में पूरी की गईं।
बताया जा रहा है कि दूल्हा सन्नी यादव BA की पढ़ाई पूरी कर चुका है और नौकरी की तैयारी कर रहा है। हाल ही में हुई यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की दौड़ में वह असफल रहा था।
