लव जिहाद कर दुबई भागने की फिराक में था मुरादाबाद का फाजिल, पुलिस ने एयरपोर्ट जाने से पहले दबोचा
ख़बर पड़ताल ब्यूरो। पहचान छिपाकर युवती से शादी करने, शारीरिक शोषण करने और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी फाजिल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए Dubai भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही उसे दबोच लिया गया।
फैक्ट्री में हुई पहचान, हिंदू बनकर बनाया प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ निवासी करीब 25 वर्षीय युवती हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करती थी। वहीं उसकी मुलाकात मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे क्षेत्र के ग्राम चुमराव निवासी फाजिल अंसारी से हुई। आरोप है कि फाजिल ने अपनी असली पहचान और धर्म छिपाकर खुद को हिंदू बताया तथा युवती को प्रेम संबंध में फंसा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। जब युवती को उस पर संदेह हुआ और उसने पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। कुछ दिनों बाद वह अचानक बद्दी से गायब हो गया।
गांव पहुंची युवती तो खुली हकीकत
आरोपी की तलाश में युवती जब उसके पैतृक गांव चुमराव पहुंची तो उसे पता चला कि जिस युवक को वह हिंदू समझ रही थी, वह वास्तव में फाजिल अंसारी है। आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी के परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एसपी सिटी ने बताया कि पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना मूंढापांडे में मुख्य आरोपी फाजिल अंसारी, उसके पिता नन्हे, माता जैबुल निशा और भाई कपिल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फाजिल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विदेश भागने की तैयारी में था और उसने यात्रा संबंधी दस्तावेज भी तैयार कर लिए थे। फिलहाल पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
– खबर पड़ताल ब्यूरो, मुरादाबाद
