Breaking News

बोले इंस्पेक्टर विक्रम राठौड़—मेरा कोई दोष नहीं, मैं हूं निर्दोष

बोले इंस्पेक्टर विक्रम राठौड़—मेरा कोई दोष नहीं, मैं हूं निर्दोष

गैंगस्टर योगेश भदौड़ा की गिरफ्तारी को लेकर उठे सवालों पर दी सफाई, निष्पक्ष जांच पर जताया भरोसा

ख़बर पड़ताल ब्यूरो । गैंगस्टर योगेश भदौड़ा की गिरफ्तारी के मामले में निलंबन की संस्तुति रिपोर्ट सामने आने के बाद आरोपी इंस्पेक्टर विक्रम राठौड़ ने अपना पक्ष रखते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि इस गिरफ्तारी से उनका कोई लेना-देना नहीं है और गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में भी उनका नाम शामिल नहीं था।

इंस्पेक्टर विक्रम राठौड़ के मुताबिक, गैंगस्टर की गिरफ्तारी की प्रक्रिया उनके अधीनस्थ पुलिसकर्मियों द्वारा नियमानुसार पूरी की गई थी। ऐसे में पूरे मामले में उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि किसी मामले में जिम्मेदारी तय की जानी है, तो तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, मामले में पुलिस अधिकारियों द्वारा कथित लेनदेन के पहलू की भी जांच किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में विक्रम राठौड़ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति को लेकर मामला चर्चा में है।

इंस्पेक्टर विक्रम राठौड़ ने कहा कि उन्हें जांच और न्याय प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। यदि पारदर्शी जांच में वह दोषी पाए जाते हैं, तो वह हर सजा भुगतने के लिए तैयार हैं। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण में जांच के निष्कर्ष और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।