Breaking News

आठ माह बाद फिर मणिकांत मिश्रा के हाथों में ऊधमसिंह नगर की कमान

आठ माह बाद फिर मणिकांत मिश्रा के हाथों में ऊधमसिंह नगर की कमान

17 माह तक जिले में एसएसपी के रूप में निभाई थी जिम्मेदारी, नशामुक्त जिला बनाना और अपराधियों पर शिकंजा कसना होगी प्राथमिकता

राजीव चावला/ एडिटर

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले की पुलिस कमान एक बार फिर आईपीएस मणिकांत मिश्रा को सौंप दी गई है। करीब आठ माह बाद जिले में उनकी दोबारा वापसी हुई है। गुरुवार को पुलिस कार्यालय पहुंचने पर नवनियुक्त एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने सलामी ली और विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वह करीब 17 माह तक जिले के एसएसपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

2019 बैच के आईपीएस अधिकारी मणिकांत मिश्रा ने 7 सितंबर 2024 को ऊधमसिंह नगर के एसएसपी का पदभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन लंगड़ा जैसी मुहिम शुरू की थी। इस अभियान के चलते उनकी पहचान एक सख्त और तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में बनी। 13 फरवरी 2026 को उनका तबादला अभिसूचना इकाई, देहरादून कर दिया गया था। उनके स्थान पर आईपीएस अजय गणपति कुंभार को जिले की कमान सौंपी गई थी।

अब करीब आठ माह बाद धामी सरकार ने एक बार फिर मणिकांत मिश्रा पर भरोसा जताते हुए उन्हें ऊधमसिंह नगर का एसएसपी नियुक्त किया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले को नशामुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिसिंग को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ मैनुअल पुलिसिंग पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों में सक्रिय बदमाशों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए जाएंगे।

एसएसपी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना भी पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। इसके मद्देनजर जल्द ही अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

अब देखना होगा कि आठ माह बाद जिले में दोबारा कमान संभालने वाले मणिकांत मिश्रा अपनी पुरानी कार्यशैली के साथ अपराध और नशे के खिलाफ किस तरह नई रणनीति को जमीन पर उतारते हैं।