स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार, 6 युवतियां रेस्क्यू
ख़बर पड़ताल ब्यूरो। देह व्यापार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे स्पा सेंटरों और होटलों के सत्यापन अभियान के दौरान सीओ ऑपरेशन अमित कुमार के पर्यवेक्षण में एएचटीयू प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर अपनी टीम के साथ नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स के भीतर संचालित एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर पहुंचीं। इस स्पा सेंटर के संबंध में पूर्व से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ स्पा सेंटर में छापेमारी की। जांच के दौरान परिसर में अनैतिक और आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। मौके से पुलिस ने 16 इस्तेमालशुदा कंडोम, 4 सीलबंद कंडोम पैकेट, 4,320 रुपये नकद और दो एंट्री रजिस्टर बरामद किए।
कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जिन्हें नियमानुसार काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल मौके से फरार मिला, जिसे मुकदमे में नामजद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में नीरज सिंह, कार्तिकेय गुप्ता, पूनम और अतुल ठाकुर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
