अपराधियों की भाजपा में कोई जगह नहीं” पूर्व में ही गफ्फार को निष्कासित कर चुकी थी बीजेपी- जिंदल
ख़बर पड़ताल ब्यूरो:- लगातार मीडिया और सोशल मीडिया में गफ्फार को भाजपा नेता बताया जा रहा है। गफ्फार किच्छा के रहने वाला हैं, जिसे कल उत्तर प्रदेश पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी। गफ्फार पर पूर्व में बरेली में हुए दंगे में हथियार सप्लाई करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद से पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई थी।
बताया जा रहा है कि राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते गफ्फार की गिरफ्तारी में पुलिस को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन कल बहेड़ी पुलिस ने किच्छा की प्रधान मार्केट से गफ्फार को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, इस पूरे मामले में लगातार मीडिया और सोशल मीडिया पर गफ्फार को भाजपा नेता बताया जा रहा है, जबकि गफ्फार 2022 विधानसभा चुनाव से पहले अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे। भाजपा नेताओं के अनुसार, 2022 विधानसभा चुनाव में तिलक राज बेहड़ का समर्थन करने के चलते गफ्फार को उसी समय पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने स्पष्ट किया है कि गफ्फार का वर्तमान में बीजेपी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपराधियों को पनाह देने वाली पार्टी नहीं है और पार्टी में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
