
साइबर अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दिनेशपुर में चला विशेष अभियान
साइबर हॉटस्पॉट में पुलिस की छापेमारी, संदिग्धों का किया सत्यापन; डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में जनपद के चिन्हित साइबर हॉटस्पॉट क्षेत्र थाना दिनेशपुर में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक विशेष साइबर अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान SSP ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर CO विभव सैनी के नेतृत्व में जनपद साइबर सेल प्रभारी और थाना दिनेशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान साइबर अपराध में संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों का सत्यापन किया गया।
पुलिस टीम ने साइबर सेल से प्राप्त खुफिया एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पहले से चिन्हित संदिग्ध व्यक्तियों और साइबर गतिविधियों वाले स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस को मिले दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जांच में यदि किसी व्यक्ति की साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चिन्हित साइबर हॉटस्पॉट, संदिग्ध व्यक्तियों और साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले संसाधनों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्राप्त होने वाली खुफिया एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस के इस विशेष अभियान से साइबर अपराध से जुड़े संदिग्धों में हड़कंप मचा हुआ है।
