पूर्व एसपी पर मुकदमा दर्ज, मारपीट समेत गंभीर आरोप
खबर पड़ताल। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पूर्व पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के खिलाफ उसी जिले की कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है, जहां वे करीब ढाई साल तक एसपी के पद पर तैनात रहे।
यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर की गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संजय सिंह की अदालत ने 7 अप्रैल को पूर्व एसपी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। कोर्ट ने पुलिस को भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 342, 355, 504, 506, 392 और 120(बी) के तहत मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे।
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बुधवार को पुष्टि की कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
यह मामला स्थानीय व्यापारी लक्ष्मी दत्त जोशी की शिकायत पर दर्ज हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि 6 फरवरी 2023 को वह अपनी बेटी के साथ पुलिस क्वार्टर में गंदे पानी की क्षतिग्रस्त लाइन की शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उनके साथ मारपीट की गई, उन्हें निर्वस्त्र किया गया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण में भी की थी। प्राधिकरण ने मामले में लोकेश्वर सिंह को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति उत्तराखंड शासन को भेजी है।
फिलहाल इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर तय की जाएगी।
