फिल्म अभिनेता की संपत्ति कब्जाने की साजिश के खिलाफ कार्यवाही की अधिकारियों से गुहार।
ख़बर पड़ताल ब्यूरो:- बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह एक बार फिर अपनी पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद में घिर गए हैं। अभिनेता ने आरोप लगाया है कि फर्जी वसीयत के आधार पर उनकी करोड़ों की पैतृक जमीन और हेरिटेज हवेली पर कब्जा करने की साजिश रची जा रही है। मामले को लेकर उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह शनिवार को अपने भाई अभिमन्यु सिंह के साथ अलीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट और एसएसपी कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात कर पैतृक संपत्ति विवाद की शिकायत दर्ज कराई। अभिनेता का आरोप है कि फर्जी वसीयत तैयार कर उनकी जमीन और पुश्तैनी हेरिटेज हवेली पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कुछ स्थानीय नेताओं की भूमिका संदिग्ध है।
चंद्रचूड़ सिंह ने बताया कि बीते छह महीनों में यह दूसरी बार है जब उन्हें अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों के पास आना पड़ा है। उनका कहना है कि उनकी पैतृक संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने की कोशिश की जा रही है, हालांकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, उनके भाई अभिमन्यु सिंह ने बताया कि संपत्ति विवाद का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और उन्हें उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के बाद उन्हें न्याय मिलेगा। अब इस हाई-प्रोफाइल संपत्ति विवाद में प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
