Breaking News

4.37 करोड़ की GST चोरी का भंडाफोड़, अंतरराज्यीय गैंग के गिरफ़्तार तीनो आरोपी ऊधमसिंह नगर के, साइबर ठगी छोड़ अपनाया नया तरी

Share

 

ख़बर पड़ताल ब्यूरो। मुरादाबाद पुलिस की एसआईटी (SIT) ने ₹4.37 करोड़ की जीएसटी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पुलिस की सख्ती से बचने के लिए आरोपियों ने साइबर फ्रॉड का धंधा छोड़कर जीएसटी चोरी का नया नेटवर्क खड़ा कर लिया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के जसपुर निवासी तरुण भारद्वाज, मोहम्मद शाकिब और नरेश कुमार के रूप में हुई है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच के अनुसार आरोपियों ने स्थानीय लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बोगस फर्में तैयार कराईं। इन फर्जी फर्मों के माध्यम से फर्जी बिल जारी किए गए और करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल कर सरकार को लगभग ₹4.37 करोड़ का चूना लगाया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि गैंग का मुख्य आरोपी मोहम्मद शाकिब पहले साइबर ठगी के मामलों में सक्रिय था। उसके खिलाफ देश के 16 राज्यों में ₹3.21 करोड़ से अधिक की साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें दर्ज हैं।

ठाकुरद्वारा थाने में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही फर्जी फर्मों के जरिए हुए जीएसटी घोटाले के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है


Share