दिनदहाड़े महिला से छेड़छाड़, CCTV वीडियो वायरल—पुलिस ने आरोपी की पहचान की
खबर पड़ताल ब्यूरो। दिनदहाड़े एक महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि ‘मौलवी वाली मस्जिद’ के पीछे स्थित डिपो वाली गली में यह वारदात हुई, जिसका CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल फुटेज के अनुसार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच एक महिला गली से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने उसके साथ अभद्रता की। महिला के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। मामला सामने आते ही मुगलपुरा पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वायरल वीडियो बरबलान चौकी क्षेत्र से संबंधित है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। हालांकि, जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए फिलहाल आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
पुलिस का यह भी कहना है कि अभी तक पीड़ित महिला या उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है ताकि विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।
एसपी सिटी ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता के सामने आते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
