Breaking News

*”लिव-इन पार्टनर ने की सनसनीखेज हत्या, 10 महीने तक फ्रिज में छिपाया शव; ऐसे हुआ खुलासा।*

Share

ख़बर पड़ताल ब्यूरो:– फ्रिज में महिला की लाश मिलने से हड़कंप मच गया जहां पुलिस ने लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है, ये दिल दहला देने वाला मामला मध्य प्रदेश के देवास से सामने आया है। शहर के बाईपास रोड स्थित वृंदावन धाम कॉलोनी में बंद कमरे के फ्रिज से एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, महिला की हत्या 10 महीने पहले की गई थी, और उसका शव फ्रिज में बंद कर दिया गया था। मृतका अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही थी। पुलिस ने आरोपी संजय पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी विनोद दवे राजस्थान की जेल में बंद है।

कैसे हुआ मामला उजागर?

शुक्रवार सुबह किरायेदार बलवीर सिंह ने बंद कमरे से बदबू आने की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा और फ्रिज से शव बरामद किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए। बताया जा रहा है कि बुधवार को बलवीर ने पहली बार कमरे का ताला तोड़कर सफाई की थी और फ्रिज को बंद कर दिया था। इसके बाद बदबू फैलने लगी।

मकान में कौन-कौन रहता था?

मकान मालिक धीरेंद्र श्रीवास्तव ने जुलाई 2023 में मकान को संजय पाटीदार को किराए पर दिया था। जून 2024 में संजय ने मकान खाली कर दिया, लेकिन दो कमरे लॉक कर रखे और उनमें फ्रिज सहित कुछ सामान छोड़ दिया। इसी फ्रिज में महिला की लाश पाई गई।

पुलिस जांच में क्या पता चला?

पड़ताल में सामने आया कि संजय पाटीदार उज्जैन जिले के इंगोरिया का रहने वाला है और मृतका प्रतिभा उर्फ पिंकी प्रजापति के साथ पांच साल से लिव-इन रिलेशनशिप में था। वह उसे उज्जैन से देवास लाकर किराए के मकान में रहने लगा।

हत्या की वजह और तरीका

आरोपी संजय ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2024 से प्रतिभा उस पर शादी का दबाव डाल रही थी। संजय पहले से शादीशुदा था और इस दबाव से परेशान था। मार्च 2024 में उसने अपने दोस्त विनोद दवे के साथ मिलकर प्रतिभा की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को फ्रिज में रख दिया। फ्रिज को कपड़े से ढककर कमरे को लॉक कर दिया गया।

अपराध में साथी की भूमिका

संजय का साथी विनोद दवे राजस्थान के टोंक जिले में एक अन्य अपराध के आरोप में जेल में बंद है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई

शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया है। पुलिस ने हत्या के मामले में अन्य सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और संजय पाटीदार को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी, यह मामला एक बार फिर से लिव-इन रिलेशनशिप और समाज में बढ़ते अपराधों की ओर ध्यान आकर्षित करता है। पुलिस जल्द ही इस जघन्य अपराध की पूरी सच्चाई का खुलासा करेगी।

Khabar Padtal Bureau


Share