Breaking News

रिसॉर्ट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कथित देह व्यापार मामले में 52 गिरफ्तार, 10 युवतियां रेस्क्यू

Share

रामनगर के रिसॉर्ट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कथित देह व्यापार मामले में 52 गिरफ्तार, 10 युवतियां रेस्क्यू

ख़बर पड़ताल ब्यूरो। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिसॉर्ट में कथित देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस का कहना है कि मौके से अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से कथित तौर पर देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, जहां कई संदिग्ध लोग मिले।

पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई 10 युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। प्रारंभिक जांच में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालन की बात भी सामने आई है। पुलिस ने मौके से अवैध शराब, नकदी और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।

जांच के दौरान रिसॉर्ट के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। हालांकि, रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। रेस्क्यू की गई युवतियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इस मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4:30 बजे कोतवाली रामनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी करेंगे, जहां कार्रवाई, बरामदगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।


Share