
रुद्रपुर में फिर सजने लगे जुए के अड्डे, धनतेरस और छोटी दीपावली पर बर्बादी का खेल शुरू” दीवाली पर निकलेगा दिवाला?

रिपोर्ट: राजीव चावला
ख़बर पड़ताल:- उधम सिंह नगर जनपद का रुद्रपुर एक बार फिर जुए के अड्डों की वजह से सुर्खियों में है। दिवाली नजदीक आते ही शहर के कई हिस्सों में जुए का खेल जोर पकड़ने लगा है। धनतेरस और छोटी दीपावली की रात को ताश की 52 पत्तियों का यह “मनोरंजन” न जाने कितने घरों को बर्बादी की राह पर ले जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के कई लग्जरी और छोटे होटलों में कमरे बुक कर लोग ताश के नाम पर जुए के अड्डे सजा रहे हैं। “शुभ संकेत” और “त्योहार की परंपरा” के नाम पर जुए का यह खेल कई परिवारों को तबाह कर रहा है। कई बार तो लोग अपनी मेहनत की कमाई ही नहीं, बल्कि कर्ज में डूबकर अपना सब कुछ दांव पर लगा देते हैं।
पूर्व में भी रुद्रपुर में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां जुए में हारने के बाद लोगों ने आत्महत्या तक कर ली। पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती रही है। बीते वर्षों में शहर के कई नामचीन होटल और फार्म हाउसों पर छापेमारी में कई प्रभावशाली चेहरे भी बेनकाब हुए थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल त्योहारों के समय जुए का यह जाल फिर से बिछ जाता है। बावजूद इसके पुलिस और प्रशासन सख्ती के बावजूद इसे पूरी तरह रोक नहीं पा रहे हैं।
अब सवाल यह है कि इस दिवाली रुद्रपुर में कितने लोगो का दिवाला निकलेगा — और कब इस बर्बादी के खेल पर लगाम लगेगी?

