Breaking News

उत्तराखंड में STF का बड़ा एक्शन: स्विफ्ट कार से अवैध हथियारों का जखीरा और 237 कारतूस बरामद, फर्जी लाइसेंस के खेल का भी खुलासा…

Share

उत्तराखंड में STF का बड़ा एक्शन: स्विफ्ट कार से अवैध हथियारों का जखीरा और 237 कारतूस बरामद, फर्जी लाइसेंस के खेल का भी खुलासा….

रुद्रपुर/काशीपुर। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत चलाए जा रहे अभियान में STF और ऊधम सिंह नगर Police की संयुक्त टीम ने काशीपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

STF के अनुसार, काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 213/2026 की विवेचना के दौरान मंगलवार देर रात गोपनीय सूचना मिली कि काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में खड़ी एक स्विफ्ट कार में अवैध हथियार रखे गए हैं। सूचना के आधार पर STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर वाहन को कब्जे में लिया।

तलाशी के दौरान कार से एक 12 बोर पम्प एक्शन गन, एक .22 बोर सेमी ऑटोमैटिक राइफल, एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर रिवॉल्वर, 237 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक बरामद हथियार, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस और वाहन मुकदमे में नामजद सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल पुत्रगण राकेश अग्रवाल तथा दीप्ति अग्रवाल पत्नी सौरभ अग्रवाल निवासी काशीपुर से संबंधित बताए जा रहे हैं। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

03 मुकदमे दर्ज, 05 आरोपी जेल भेजे जा चुके

एसएसपी STF ने बताया कि राज्यभर में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों की जांच की जा रही है। अब तक फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामलों में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और पांच आरोपियों को जेल भेजा गया है। साथ ही पांच अवैध हथियार और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में उत्तराखंड पुलिस “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई कर रही है।

संदिग्ध लाइसेंस की सूचना देने की अपील

STF ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल STF को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बरामदगी

  • 01 पम्प एक्शन गन (12 बोर)
  • 01 सेमी ऑटोमैटिक राइफल (.22 बोर) व 02 मैगजीन
  • 01 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर) व 02 मैगजीन
  • 01 रिवॉल्वर (.32 बोर)
  • 237 जिंदा कारतूस
  • 07 फर्जी शस्त्र लाइसेंस
  • स्विफ्ट कार संख्या UK18P-5046

STF का कहना है कि फर्जी लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा जांच के आधार पर और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


Share