
ख़बर पड़ताल ब्यूरो:- उत्तराखंड निकाय चुनाव में अजब-गजब नजारे देखने को मिले। उधम सिंह नगर जिले के एक वार्ड में ऐसा वाकया हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया। नगला नगर पालिका के वार्ड नंबर 7 में एक निर्दलीय प्रत्याशी को केवल एक वोट मिला, वो भी उनका खुद का।
नगला नगर पालिका में वार्ड मेंबर पद के लिए हुए चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी वरुण कुमार को महज एक वोट मिला। वार्ड में कुल 367 मतदाता थे, लेकिन वरुण कुमार को उनके परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों तक ने वोट नहीं दिया। मतगणना के दौरान सामने आए इस नतीजे ने प्रत्याशी और क्षेत्र के लोगों को चौंका दिया।
इस वार्ड में देवेंद्र यादव ने 165 वोट पाकर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर गंगावती देवी रहीं, जिन्हें 118 वोट मिले। वहीं, चिराग शर्मा को 6 वोट प्राप्त हुए। लेकिन वरुण कुमार को केवल अपना ही वोट मिलना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
“यह चौंकाने वाला है कि किसी प्रत्याशी को सिर्फ एक वोट मिला। यहां तक कि उनके परिवार वालों ने भी उनका साथ नहीं दिया।”
चुनाव परिणामों के अनुसार, एक वोट नोटा में गया और छह वोट रद्द कर दिए गए। लेकिन सिर्फ एक वोट पाने वाले वरुण कुमार को लेकर हर कोई उत्सुक है।
उधम सिंह नगर जिले की यह घटना इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि यहां पहली बार नगर पालिका का चुनाव हुआ था। सात वार्डों वाली इस नगर पालिका में अन्य प्रत्याशियों ने पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा। लेकिन वरुण कुमार का यह अनुभव चर्चा और हास्य का कारण बन गया।
तो यह चुनावी घटना यह दिखाती है कि राजनीति में केवल नामांकन भरना ही काफी नहीं होता, लोगों का भरोसा जीतना भी उतना ही जरूरी है।
रिपोर्ट:- साक्षी सक्सेना