Breaking News

*जिलाधिकारी ने किया आपदा ग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण* 

Share

अतिवृष्टि के कारण आई बाढ़ आपदा से ग्रस्त सीमांत खटीमा क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेने एवं आपदा राहत कार्यों का निरीक्षण करने के उद्देश्य से उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी उदय राज सिंह ने सीमांत खटीमा क्षेत्र में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय अधिकारियों के साथ बाढ़ से प्रभावित हुए क्षेत्र में भ्रमण कर नुकसान का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान जिलाधिकारी उदय राज सिंह ने बाढ़ प्रभावित लोगों को बाटी जा रही राहत सामग्री और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया एवं स्वयं भी बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण किया। जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा क्षेत्र में हुए नुकसान की भरपाई एवं राहत सहायता प्रदान करने हेतू 10 करोड रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिसके माध्यम से बाढ़ से प्रभावित हुए परिवारों को ₹5000 प्रति परिवार दिए जाने के साथ राहत आपदा कीटों का वितरण भी किया जा रहा है। साथ ही संबंधित विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त हो चुकी नहरों, विद्युत व्यवस्था एवं क्षतिग्रस्त मार्गो की मरम्मत का कार्य भी तेजी के साथ किया जा रहा है। जिसके लिए सभी विभागों के अधिकारी पूर्णतया एक्टिव होकर फील्ड में जुटे हुए हैं। क्षेत्र में आई बाढ़ के प्रभाव के चलते शारदा नहर को भी काफी नुकसान हुआ है जिसकी मरम्मत हेतु सिंचाई विभाग के अधिकारी काम कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि समय रहते मरम्मत संबंधी सारे कार्य निपटा लिए जाएं। जिससे कि लोगों को भविष्य में किसी समस्या का सामना न करना पड़े। इस दौरान क्षेत्र के उप जिलाधिकारी रविंद्र बिष्ट के साथ सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Khabar Padtal Bureau


Share