Breaking News

स्कूल की मंजिल से कूदा कक्षा 9 का छात्र, हालत स्थिर परिवार से नाराज था छात्र, होमवर्क और डांट के डर की भी चर्चा

Share

स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदा कक्षा 9 का छात्र, हालत स्थिर

परिवार से नाराज था छात्र, होमवर्क और डांट के डर की भी चर्चा

रुद्रपुर। शहर की आदर्श कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 9 के एक छात्र ने स्कूल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार छात्र गुरुवार को ईद की छुट्टी के दौरान अपने परिजनों से नैनीताल घूमने जाने की जिद कर रहा था। परिवार द्वारा मना किए जाने के बाद से वह नाराज और गुमसुम बताया जा रहा था। शुक्रवार सुबह परिजन उसे स्कूल छोड़ गए।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब सवा सात बजे स्कूल में प्रार्थना चल रही थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे स्कूल स्टाफ ने देखा कि छात्र दूसरी मंजिल से नीचे गिरा पड़ा है। घटना से स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में छात्र को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया तथा परिजनों को सूचना दी गई।

चर्चा यह भी है कि छात्र ने होमवर्क पूरा नहीं किया था और उसे शिक्षकों की डांट का डर भी सता रहा था। माना जा रहा है कि नैनीताल घूमने से इनकार और स्कूल में फटकार के भय के चलते छात्र मानसिक दबाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

वही स्कूल के मालिक संजीव मलिक ने बताया फिलहाल छात्र का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। वहीं घटना के बाद स्कूल प्रशासन और परिजनों में चिंता का माहौल है।


Share