पुलिस के नाम पर अवैध वसूली और रंगदारी का खेल बेनकाब, 03 गिरफ्तार, 01 फरार
रुद्रपुर/गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को अमलीजामा पहनाते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अवैध वसूली और रंगदारी के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जिले के एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गदरपुर पुलिस ने डंपर चालकों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सरोवरनगर निवासी फईम अहमद ने कोतवाली गदरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जून 2026 को उसका भाई वरीस अहमद रुद्रपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मसीत गांव जाने वाली सड़क पर विकास सागर अपने साथियों अमित सागर, प्रदीप दिवाकर और गोलू कोटिया के साथ कार में पहुंचा और वरीस अहमद को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया।
जब वरीस अहमद ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपियों ने बल प्रयोग करते हुए उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी विकास सागर द्वारा शिकायतकर्ता के भाई को पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाकर प्रतिमाह लगभग 35 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली की जाती थी। पुलिस के मुताबिक मोबाइल फोन में आरोपियों के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे, जिन्हें मिटाने के उद्देश्य से फोन छीना गया था।
मामले में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा संख्या 147/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 62, 352, 351(3), 308(2), 309(4), 3(5) और 317(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर 4 जून 2026 को डिवाइन सिटी कॉलोनी, छतरपुर, रुद्रपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार करते हुए गुलरभोज फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में फेंका गया लूटा हुआ OPPO A-78 मोबाइल फोन बरामद कराया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मोबाइल का सिम कार्ड तोड़ दिया था और फोन को फॉर्मेट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलैनो कार संख्या UK06BH8088 को भी कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
– विकास सागर पुत्र खुशी राम सागर, निवासी सरस्वती इन्क्लेव, भुरारानी रोड, रुद्रपुर।
– अमित सागर पुत्र रामकिशोर, निवासी प्रीत विहार कॉलोनी, रुद्रपुर।
– प्रदीप दिवाकर पुत्र रामप्रसाद, निवासी रम्पुरा वार्ड नम्बर-21, रुद्रपुर।
फरार आरोपी
– गोलू कोटिया (तलाश जारी)
बरामदगी
– लूटा गया OPPO A-78 मोबाइल फोन।
– सफेद रंग की बलैनो कार संख्या UK06BH8088।
– विकास सागर के कब्जे से एक सैमसंग S-24 अल्ट्रा और एक विवो X-300 FE मोबाइल।
– अमित सागर के कब्जे से एक विवो Y-29 मोबाइल।
– प्रदीप दिवाकर के कब्जे से एक सैमसंग A-23 मोबाइल।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद ऊधम सिंह नगर में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, रंगदारी, गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन और वाहन चालकों को भय दिखाकर धन उगाही करने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
