Breaking News

बड़ी ख़बर: मुक़दमा दर्ज होने और वाल्मीकि समाज के आक्रोश के बीच BJP ने पारस चुघ को किया निष्कासित

Share

मुकदमा दर्ज होने और वाल्मीकि समाज के आक्रोश के बीच BJP ने पारस चुघ को किया निष्कासित

रुद्रपुर। 7 अगस्त को हुए एक्सीडेंट और मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। भाजपा ऊधमसिंह नगर के जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने रुद्रपुर भगत सिंह मंडल के महामंत्री पारस चुघ को महामंत्री पद से पदमुक्त करते हुए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

बताया जा रहा है कि 7 अगस्त को हुए एक्सीडेंट और मारपीट के मामले में पारस चुघ के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी न होने को लेकर वाल्मीकि समाज में लगातार आक्रोश बढ़ रहा था। सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल को लेकर भी प्रदर्शनकारियों में नाराजगी देखने को मिली। आरोप लगाए गए कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद भाजपा संगठन की ओर से मंडल महामंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने इसे लेकर भाजपा नेतृत्व पर भी सवाल उठाए।

बढ़ते विरोध और मामले को लेकर बने दबाव के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने प्रदेश नेतृत्व का हवाला देते हुए पारस चुघ को मंडल महामंत्री के पद से पदमुक्त करने के साथ ही पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया।

भाजपा के इस फैसले के बाद अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी कब होती है और इस पूरे मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई क्या रहती है।

फिलहाल भाजपा के संगठनात्मक फैसले के बाद वाल्मीकि समाज का आक्रोश कितना शांत होता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।


Share