रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा: टहलने निकले दंपती को वाहन ने मारी टक्कर, दोनों की मौत
रुद्रपुर। सोमवार रात रुद्रपुर के रिंग रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि दंपती रोज की तरह रात में टहलने के लिए निकले थे, लेकिन इसी दौरान एक वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि संतोष यादव (46) और उनकी पत्नी सुनीता यादव (40) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर रुद्रपुर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक दंपती रुद्रपुर के साई विहार, धर्मपुर क्षेत्र में रहते थे और नेस्ले कंपनी में काम करते थे। दोनों मूल रूप से गोरखपुर-कुशीनगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि संतोष और सुनीता के पीछे उनके 17 वर्षीय बेटी और 13 वर्षीय बेटे रह गए हैं। जिस उम्र में बच्चों को माता-पिता के सहारे और मार्गदर्शन की सबसे अधिक जरूरत होती है, उसी उम्र में दोनों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर गहरा दुख है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसे की पूरी परिस्थितियों और आगे की कार्रवाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रुद्रपुर की रिंग रोड पर हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में गहरे दुख में डाल दिया।
