रिपोर्ट: अनुज कुमार शर्मा

खटीमा:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को सीमांत खटीमा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बंडिया में आयोजित जनमिलन कार्यक्रम में नैनीताल/ उधमसिंहनगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी अजय भट्ट के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे। जनमिलन सम्मेलन में भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल में हुए विकास के नाम पर जनता से समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मोदी सरकार के विगत 10 साल में जहां देश का नाम ऊंचा हुआ है वहीं देश विश्व में तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनकर उभरा है। अब विदेशों में भी भारतीय नागरिकों को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। मोदी सरकार ने देश का मान और सम्मान बढ़ाया है। इसलिए आने वाली 19 तारीख को कमल के निशान पर बटन दबाकर भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन दें। आपका एक वोट अगले 5 साल तक देश की दशा और दिशा तय करेगा। मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में भाजपा के पांचो लोकसभा प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन मांगने जा रहे हैं और जिस तरह का अपार जन समर्थन उन्हें तीसरी बार बनने जा रही मोदी सरकार के लिए मिल रहा है उन्हें पूरी उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की पांचो लोकसभा की सीटों पर भारी बहुमत से जीतेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने सभी कार्यकर्ताओं भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष कमल जिंदल प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश चंद्र जोशी के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।