
112 पर चोरी की सूचनाओं के बावजूद कार्रवाई नहीं, रुद्रपुर कोतवाल पहुँचे पुलिस लाइन
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 112 पर लगातार चोरी की सूचनाएं मिलने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी ने रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी प्रकाश दानू को लाइन भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में लगातार 112 नंबर पर चोरी की घटनाओं से संबंधित सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इसके बावजूद कई मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने और शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने की बात सामने आई।
वहीं, यदि किसी सूचना को झूठा पाया जाता है तो सूचना देने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा थी, लेकिन इस दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के एसएसपी अजय गणपति ने रुद्रपुर कोतवाल प्रकाश दानू का पुलिस लाइन तबादला कर दिया। एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी अजय गणपति का कहना है कि कानून व्यवस्था और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 112 पर प्राप्त सूचनाओं पर समयबद्ध और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
