
किच्छा में कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार में आशा कार्यकर्ताओं के उतरने का आरोप
वार्ड-9 में प्रचार का मामला सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग से की गई शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
किच्छा। नगर पालिका परिषद किच्छा के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सरकारी स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं के प्रचार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा में तैनात विभिन्न क्षेत्रों की आशा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के पक्ष में वार्डों में घूम-घूमकर प्रचार कर रही हैं।
शिकायत के मुताबिक, प्रचार के दौरान आशा कार्यकर्ताओं के पास कांग्रेस प्रत्याशी के पर्चे, स्टीकर और प्रचार सामग्री मौजूद थी। आरोप लगाया गया है कि सरकारी तंत्र से जुड़े कर्मचारियों द्वारा चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया जा रहा है, जिससे सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का सवाल उठ रहा है।
बताया गया कि शुक्रवार को वार्ड नंबर-9 में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में कई आशा कार्यकर्ता आवास विकास क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता हेमा अरोड़ा के साथ घर-घर जाकर वोट मांगती नजर आईं। मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से किए जाने की बात भी सामने आई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामला स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में आने के बावजूद अभी तक कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान सरकारी विभाग से जुड़े कर्मचारियों के राजनीतिक प्रचार में शामिल होने को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
