Breaking News

एआरटीओ का एक्शन: इलेक्ट्रिक स्कूटर-साइकिल शोरूमों पर छापेमारी, 5 वाहन जब्त

एआरटीओ का एक्शन: इलेक्ट्रिक स्कूटर-साइकिल शोरूमों पर छापेमारी, 5 वाहन जब्त

ख़बर पड़ताल ब्यूरो। एआरटीओ विभाग की औचक कार्रवाई से इलेक्ट्रिक स्कूटर और साइकिल विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। विभागीय टीम ने इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री करने वाले 5 शोरूमों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान ऐसे इलेक्ट्रिक वाहन सामने आए, जिन्हें 25 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति और 250 वाट मोटर क्षमता वाले वाहन के रूप में बेचा जा रहा था, लेकिन जांच में कुछ वाहनों में इससे कहीं अधिक क्षमता की मोटर लगी मिली।

निरीक्षण के दौरान 1000 वाट और 1200 वाट की मोटर वाले वाहन पाए गए, जो करीब 45 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने में सक्षम बताए गए। विभाग ने ऐसे 5 वाहनों को जब्त कर एआरटीओ कार्यालय, काशीपुर पहुंचाया है।

इलेक्ट्रिक साइकिल’ के नाम पर बिक्री पर सवाल

एआरटीओ एल्विन रॉक्सी के मुताबिक, कुछ शोरूमों में ऐसे वाहनों को ‘इलेक्ट्रिक साइकिल’ के नाम पर बेचा जा रहा था, जो प्रथम दृष्टया निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं दिखाई दिए। विभाग इन वाहनों की तकनीकी क्षमता और संबंधित नियमों के तहत उनकी वैधता की जांच करेगा।

अधिकारियों के अनुसार, यदि वाहन निर्धारित सीमा से अधिक मोटर क्षमता और गति वाले पाए जाते हैं तो उनके पंजीकरण, लाइसेंस और अन्य मोटर वाहन संबंधी नियम लागू होने का विषय सामने आ सकता है। विभाग ने ऐसी बिक्री से सरकार को संभावित राजस्व हानि की आशंका भी जताई है।

स्कूली छात्रों के इस्तेमाल पर भी चिंता

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल अक्सर स्कूल और ट्यूशन जाने वाले विद्यार्थियों द्वारा किया जाता है। कई मामलों में इन्हें बिना हेलमेट चलाते हुए भी देखा जाता है। अधिकारियों का कहना है कि यदि अधिक गति वाले वाहन सार्वजनिक मार्गों पर बिना आवश्यक नियामकीय प्रावधानों के संचालित किए जाते हैं, तो सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।

स्थानीय निर्माताओं की भी होगी जांच

एआरटीओ विभाग अब ऐसे वाहनों के स्थानीय निर्माताओं का भी निरीक्षण करेगा। इस दौरान वाहनों की तकनीकी विशिष्टताओं, निर्माण संबंधी विवरण, टाइप अप्रूवल और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एक वाहन Ola EV की हूबहू कॉपी/डुप्लीकेट जैसा पाया गया। डीलर ने अधिकारियों को बताया कि उक्त वाहन का निर्माण किसी स्थानीय एजेंसी द्वारा किया गया है। विभाग की ओर से इस मामले में भी आवश्यक जांच की जाएगी।

पुरानी कारों के शोरूम को नोटिस

कार्रवाई के दौरान पुरानी कारों की बिक्री करने वाले एक शोरूम को वैध ट्रेड सर्टिफिकेट के बिना पुराने वाहनों की बिक्री किए जाने के मामले में नोटिस जारी किया गया है।

निरीक्षण अभियान में ARTO (Administration) एल्विन रॉक्सी, RI चंद्रकांत भट्ट, TTO नंदन आर्य, TSI पवार, अरशद, चंद्र मोहन, सोनिया सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

एआरटीओ की इस कार्रवाई के बाद अब इलेक्ट्रिक वाहनों की तकनीकी क्षमता, बिक्री प्रक्रिया और मानकों के अनुपालन को लेकर विभागीय जांच आगे बढ़ाई जाएगी।