Breaking News

गफ्फार खान की पुलिस कस्टडी रिमांड में बड़ा खुलासा, विदेशी पिस्टल समेत तीन अवैध हथियार और कारतूस बरामद।

Share

गफ्फार खान की पुलिस कस्टडी रिमांड में बड़ा खुलासा, विदेशी पिस्टल समेत तीन अवैध हथियार और कारतूस बरामद।

ख़बर पड़ताल ब्यूरो। थाना बहेड़ी पुलिस को अवैध हथियार तस्करी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) पर लिए गए आरोपी गफ्फार खान की निशानदेही पर पुलिस ने एक विदेशी पिस्टल, दो अवैध तमंचे और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी एक बंद पड़े ईंट भट्ठे से की गई।

पुलिस के अनुसार न्यायालय की अनुमति के बाद 2 जून 2026 को आरोपी गफ्फार खान को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नारायण नंगला रोड स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में छिपाए गए हथियारों के बारे में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर ईंटों के चट्टे में छिपाकर रखा गया एक थैला बरामद किया गया, जिसमें एक विदेशी पिस्टल 7.65 बोर, सात जिंदा कारतूस, दो अवैध तमंचे 315 बोर तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।

फरवरी में पकड़ी गई थी हथियारों की खेप

पुलिस के मुताबिक 19 फरवरी 2026 को थाना बहेड़ी पुलिस ने तसलीम और सोमू खान उर्फ औशाफ को हथियारों की खेप ले जाते हुए गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से पांच पिस्टल और 38 कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि यह खेप उधम सिंह नगर के दरऊ गांव निवासी गफ्फार खान और समी को पहुंचाई जानी थी।

इसी मामले में थाना बहेड़ी में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रजनीश कुमार द्वारा की जा रही है।

पांच आरोपी जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं फरार चल रहे आरोपी गफ्फार खान पुत्र बुंदन खान तथा समी पुत्र अकरम खान को 20 मई 2026 को रुद्रपुर-किच्छा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था।

गफ्फार खान की पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान हुई इस बरामदगी को पुलिस हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।


Share