ख़बर पड़ताल ब्यूरो:- प्रदेश सरकार ने सरकारी अफसरों और कर्मचारियों के लिए सोशल मीडिया आचार संहिता तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्मिक एवं सतर्कता विभाग को निर्देश दिए, उत्तराखंड में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की सोशल मीडिया सक्रियता पर नियंत्रण के लिए सरकार ने एक नई सोशल मीडिया पॉलिसी बनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में कार्मिक एवं सतर्कता विभाग को एक ड्राफ्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जो दो सप्ताह के भीतर पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने इस बात की पुष्टि की है कि सरकारी कर्मचारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने और विवादित पोस्ट से बचाव के लिए पॉलिसी का मसौदा तैयार किया जा रहा है, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट के कारण शिक्षा विभाग समेत कई अन्य विभागों के कर्मचारी सुर्खियों में रहे। अल्मोड़ा में एक शिक्षक को विवादित पोस्ट के लिए निलंबित तक किया गया, मुख्यमंत्री ने यूपी सरकार की सोशल मीडिया पॉलिसी और उत्तराखंड पुलिस विभाग की एसओपी का अध्ययन करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी:- “हमारी सरकार एक व्यवस्थित पॉलिसी लाकर सोशल मीडिया पर अनुशासन सुनिश्चित करेगी।”
सरकार इस पॉलिसी को नए वर्ष में लागू करने की तैयारी में है, देखना होगा कि नई सोशल मीडिया पॉलिसी से सरकारी कर्मचारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों में कितना बदलाव आता है।
रिपोर्ट:- साक्षी सक्सेना