Breaking News

रात 12:30 बजे एक्शन मोड में दिखे एसएसपी मणिकांत मिश्रा, जिला पुलिस को कप्तान का सख़्त निर्देश अपराधियो को बक्शे नही।

रात 12:30 बजे एक्शन मोड में दिखे एसएसपी मणिकांत मिश्रा, अधिकारियों की ली बैठक

पुलिस लाइन में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश, सीसीटीवी की 24 घंटे मॉनिटरिंग और फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर

राजीव चावला/ एडिटर/ ख़बर पड़ताल

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के नवागत एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जिले की पुलिसिंग को प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए कमान संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। गुरुवार देर रात 12:30 बजे उन्होंने पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए जिले में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने और पहले से लगे कैमरों की 24 घंटे प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी व्यवस्था का इस्तेमाल अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान के लिए प्रभावी तरीके से किया जाना चाहिए।

एसएसपी ने पुलिस की भौतिक उपस्थिति यानी पुलिस प्रेजेंस को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

बैठक में पीड़ितों और फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि थाने और चौकियों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए और शिकायतों का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

महिला एवं बाल अपराधों के मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और बरामदगी के मामलों में भी किसी प्रकार की देरी न करने को कहा गया। संवेदनशील प्रकरणों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी धारण करने तथा विभागीय अनुशासन और गरिमा बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।