Breaking News

“5 जुलाई तक का अल्टीमेटम: अतिक्रमण नोटिस से उबल पड़ा पहाड़गंज, मेयर से लगाई गुहार”

अतिक्रमण नोटिस से डरे लोगों ने किया नगर निगम का घेराव
**- पहाड़गंज के 300 परिवारों को मिला है 5 जुलाई तक का अल्टीमेटम

मेयर से मुलाकात कर लोगों ने की राहत की मांग, जल्द प्राधिकरण से होगी वार्ता

रुद्रपुर। जिला विकास प्राधिकरण द्वारा पहाड़गंज क्षेत्र के करीब 300 परिवारों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिए जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। सोमवार को बड़ी संख्या में नोटिस प्राप्त लोगों ने नगर निगम पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया और मेयर विकास शर्मा से मिलकर समाधान की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राधिकरण द्वारा पिछले 20 दिनों से पहाड़गंज क्षेत्र में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चलाई जा रही है। इसी क्रम में करीब 300 परिवारों को 5 जुलाई तक स्वयं मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। इससे नाराज़ स्थानीय लोग भाजपा पार्षद नुरुद्दीन और भाजपा नेता अयूब अंसारी के नेतृत्व में नगर निगम पहुंचे और विरोध जताया।

लोगों का कहना है कि वे वर्षों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। शासन-प्रशासन द्वारा उन्हें बिजली, पानी, राशन कार्ड, वोटर आईडी, हाउस टैक्स जैसी सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं। ऐसे में अचानक अतिक्रमणकारी घोषित कर बेघर करना अन्यायपूर्ण है। प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना था कि वे रजिस्टर्ड मतदाता हैं और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के बिना उजाड़ा जाना संवेदनहीन निर्णय होगा।

मेयर ने दिया आश्वासन
नगर निगम पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए मेयर विकास शर्मा ने कहा कि वे शीघ्र ही जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से वार्ता करेंगे। उन्होंने बताया कि कुछ निर्माण कल्याणी नदी के किनारे हैं, जिन पर कार्रवाई संभव है, जबकि कुछ लोग वर्षों से काबिज हैं और उनकी स्थिति का गंभीरता से आकलन किया जाएगा।

मेयर ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि बेवजह किसी को नहीं उजाड़ा जाएगा और न्यायपूर्ण समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मौजूद रहे ये लोग
घेराव के दौरान माजिद अहमद, गुड्डू, विक्की धामी, सहाना बेगम, शबनम बेगम, गुलशन कुमार, रिजवाना बेगम, चांदनी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे