Breaking News

“शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी को बिहार में घुसने नहीं देंगे” सोनाक्षी सिन्हा की शादी को बताया ‘लव जिहाद’, बिहार में नहीं घुसने देने की दी चेतावनी।

Share

ख़बर पड़ताल ब्यूरो:- शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी और ऐक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने जहीर इकबाल से शादी रचाई है। इस शादी को लेकर देशभर से तरह तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसके बाद हिंदू शिव भवानी सेना ने पटना में पोस्टर लगाकर विरोध जताया है। इसमें लिखा गया है- ‘शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी को बिहार में घुसने नहीं देंगे।’

बॉलीवुड की फेमस सेलिब्रिटी और बिहार की बेटी सोनाक्षी सिन्हा अब जहीर इकबाल के साथ शादी के बंधन में बंध गई हैं। जहां एक तरफ, फिल्मी गलियारों में इस शादी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर, बिहार में सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी के खिलाफ आवाज भी उठने लगे हैं।

पटना में सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी के खिलाफ लगे पोस्टर्स भी नजर आए हैं। ये पोस्टर हिन्दू शिवभवानी सेना द्वारा लगाए गए हैं। पोस्टर में लिखा गया है कि सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी लव जिहाद को बढ़ावा देता है।

पोस्टर में आगे लिखा गया है कि शत्रुघ्न सिन्हा जी शादी के फैसले पर पुनर्विचार करें नहीं तो अपने बेटे लव और कुश के साथ घर का नाम ‘रामायण’ भी बदल दें। सोनाक्षी सिन्हा को हिन्दू शिवभावानी सेना बिहार में घुसने नहीं देगी। बता दें कि पोस्टर में लव कुमार सिंह ‘रुद्र’ के नाम का भी जिक्र किया गया है, जो हिन्दू शिवभावानी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष बताए जाते हैं।

चर्चित एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी ने 23 जून को जहीर इकबाल से रजिस्टर्ड मैरिज की। वह लंबे समय से जहीर के साथ रिलेशनशिप में थीं।

रिपोर्ट: साक्षी सक्सेना 


Share