रुद्रपुर के बिल्डर पर सेवानिवृत्त सूबेदार से धोखाधड़ी का आरोप, दूसरे की जमीन दिखाकर लिए पैसे
वर्षों बाद प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंचे तो खुला मामला, बिलासपुर थाने में सुरेंद्र चावला के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। प्रॉपर्टी कारोबार में विवादों को लेकर चर्चाओं में रहने वाले बिल्डर सुधीर चावला के बाद अब उनके पिता सुरेंद्र चावला भी धोखाधड़ी के आरोपों में घिर गए हैं। उत्तर प्रदेश के बिलासपुर निवासी एक सेवानिवृत्त सूबेदार ने उन पर किसी अन्य व्यक्ति का प्लॉट अपना बताकर बेचने और 22 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर बिलासपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता हरिराम के अनुसार, वर्ष 1997 में वह रुद्रपुर स्थित 46वीं वाहिनी पीएसी में सूबेदार के पद पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने आवासीय प्लॉट खरीदने की योजना बनाई। इस सिलसिले में उनका संपर्क एलायंस कॉलोनी निवासी बिल्डर सुरेंद्र चावला से हुआ। आरोप है कि सुरेंद्र चावला ने उन्हें बिलासपुर क्षेत्र के गांव डिबडिबा में 168 वर्ग मीटर का एक प्लॉट दिखाया और बताया कि उक्त जमीन का मालिक पटियाला के न्यू लाल बाग निवासी अंशुमन है।
हरिराम का आरोप है कि बातचीत के बाद बिल्डर ने उनसे 22 हजार रुपये लेकर विक्रय पत्र भी तैयार कराया और प्लॉट पर तारबाड़ करवाकर कब्जा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद वह नौकरी में व्यस्त रहे और वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त होने के बाद प्लॉट पर मकान बनाने की तैयारी करने लगे।
इसी दौरान उन्हें पता चला कि जिस जमीन को उन्होंने अपना प्लॉट समझा था, वह वास्तव में गुरजीत सिंह पन्नू की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, गुरजीत सिंह पन्नू ने उक्त प्लॉट बेचने से इनकार किया। आरोप है कि वर्ष 2022 में जब उन्होंने इस संबंध में बिल्डर से संपर्क किया तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। 18 मार्च 2026 को भी धमकाए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बिल्डर और कथित प्लॉट मालिक ने मिलीभगत कर किसी अन्य व्यक्ति की जमीन दिखाकर उनके साथ धोखाधड़ी की और 22 हजार रुपये ले लिए। मामले में बिलासपुर (उत्तर प्रदेश) पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
