
धामी सरकार का एक्शन जारी, मदरसों पर ताले की कार्रवाई” एक मदरसा सील, आवासीय मदरसे को नोटिस; दो दिनों में तीसरी कार्रवाई
ख़बर पड़ताल ब्यूरो। उत्तराखंड में मदरसों के निरीक्षण और मान्यता को लेकर धामी सरकार का अभियान लगातार जारी है। मुफ्तियों की कथित धमकियों को दरकिनार करते हुए जिला प्रशासन ने रुद्रपुर और गदरपुर क्षेत्र में दो मदरसों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में संचालित एक मदरसे को सील कर दिया गया, जबकि गदरपुर के एक आवासीय मदरसे के प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन के मुताबिक, मदरसा जामिया निजामिया, खलील उल उलूम, वार्ड नंबर 18, खेड़ा कॉलोनी रुद्रपुर के पास शिक्षा विभाग से आवश्यक मान्यता के लिए आवेदन नहीं किया गया था। निरीक्षण के दौरान मदरसे में उपलब्ध आधारभूत संरचना को भी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने मदरसे को सील कर दिया।
वहीं, दारुल उलूम सकलैनिया, भोला कॉलोनी गदरपुर एक आवासीय मदरसा है। प्रशासन के निरीक्षण के दौरान यहां बच्चों के रहने और शिक्षा व्यवस्था के लिए उपलब्ध स्थान व सुविधाओं का जायजा लिया गया। बताया गया कि मदरसा अपेक्षाकृत कम और अपर्याप्त जगह में संचालित हो रहा था। आवासीय व्यवस्था होने के कारण प्रशासन ने प्रबंधक को नोटिस जारी करते हुए बच्चों को जल्द से जल्द दूसरी जगह स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि मदरसे को बंद करने की कार्रवाई की जा सके।
भवन से लेकर शिक्षा व्यवस्था तक हुई जांच
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने मदरसों के भवन, कक्षों, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली। प्रशासन का कहना है कि निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि जिले में मदरसों का निरीक्षण अभियान जारी है। जिन मदरसों ने निर्धारित मान्यता प्राप्त नहीं की है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा भी जरूरी
अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि नई व्यवस्था की मूल भावना स्पष्ट है कि बच्चों को उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जोड़े रखते हुए उन्हें आधुनिक शिक्षा की मुख्यधारा से भी जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की व्यवस्था का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना है।
दो दिनों में तीसरी कार्रवाई
मदरसों के निरीक्षण अभियान के बीच उधम सिंह नगर में कार्रवाई तेज होती दिखाई दे रही है। प्रशासन की ओर से पिछले दो दिनों में यह तीसरी कार्रवाई बताई जा रही है, जिसमें मदरसे पर सील की कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मान्यता और निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने वाले मदरसों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
