
रुद्रपुर के विकास कार्यों का शहरी विकास सचिव नितेश झा ने किया स्थलीय निरीक्षण
ट्रेंचिंग ग्राउंड, सीबीजी प्लांट समेत प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का लिया जायजा
रुद्रपुर। शहर में चल रही एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से आज शहरी विकास सचिव नितेश झा ने रुद्रपुर में विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम की ओर से शहर के विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर तैयार की गई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण की शुरुआत ट्रेंचिंग ग्राउंड एवं सीबीजी प्लांट से हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर वर्षों से कूड़े का विशाल ढेर शहर के लिए गंभीर समस्या बना हुआ था, वहां नगर निगम के प्रयासों से अब बदलाव दिखाई देने लगा है। निरीक्षण के दौरान यहां विकसित किए जा रहे क्षेत्र और पार्क का भी जायजा लिया गया।
इसके बाद टीम ने इंडेन गैस एजेंसी के पास खाली पड़ी भूमि का निरीक्षण किया। इस भूमि पर प्रस्तावित निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। इसके अलावा नगर निगम की पुरानी एवं जर्जर हो चुकी बिल्डिंग के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प को लेकर तैयार किए गए प्रस्ताव का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम की ओर से प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं पर भी मंथन हुआ। शासन स्तर से इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई।
अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास विजन के अनुरूप रुद्रपुर को आधुनिक और आदर्श शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास परियोजनाओं के स्थलीय निरीक्षण को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
