Breaking News

विजिलेंस टीम को बनाया बंधक, 20 घंटे बाद भी नहीं खुले तहसील के ताले

Share

विजिलेंस टीम को बनाया बंधक, 20 घंटे बाद भी नहीं खुले तहसील के ताले

ख़बर पड़ताल। तहसील से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। आरोप है कि रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई करने पहुंची विजिलेंस टीम को तहसील परिसर के भीतर ही फंसा दिया गया। कार्रवाई के करीब 20 घंटे बाद भी तहसील के मुख्य गेट नहीं खोले गए, जिससे टीम अंदर ही मौजूद रही।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे विजिलेंस टीम ने सितारगंज तहसील के संग्रह कक्ष में ट्रैप कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन मदन शर्मा और तहसील के बड़े बाबू उपेंद्र राणा को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ा। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम दूसरी मंजिल पर जांच में जुटी थी।

इसी बीच आरोप है कि नीचे मौजूद कुछ तहसील कर्मियों ने मुख्य गेट पर ताले जड़ दिए, जिससे विजिलेंस टीम परिसर के भीतर ही फंस गई। घटना के बाद रातभर तहसील परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने कई बार कर्मचारियों से गेट खोलने की अपील की, लेकिन देर तक सफलता नहीं मिली।

एक ओर तहसील प्रशासन विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है, वहीं विजिलेंस का कहना है कि पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर ट्रैप कार्रवाई की गई है। फिलहाल तहसील परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है, जबकि जिलेभर से राजस्व कर्मचारी भी सितारगंज पहुंच रहे हैं। तो वहीं पकड़े गए कर्मचारियों को न छोड़ने पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल और पूर्व विधायक नानकमत्ता प्रेम सिंह राणा के सामने तहसील कर्मचारियों ने पूरे प्रदेश में हड़ताल का ऐलान कर दिया है।

फिलहाल स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


Share