कोबरा ने काटा तो उसी को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचा युवक, अस्पताल में देखकर डॉक्टर भी रह गए हैरान
खबर पड़ताल ब्यूरो :- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को कोबरा सांप ने काट लिया, लेकिन घबराने के बजाय उसने पहले सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी को साथ लेकर सरकारी अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में युवक के साथ जिंदा कोबरा देखकर डॉक्टर, स्टाफ और मरीज भी हैरान रह गए। फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार पिछले चार-पांच वर्षों से रामनगर के बेड़ाझाल क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहकर टाइल्स लगाने का काम करते हैं। इसके साथ ही वह जरूरत पड़ने पर सांपों का रेस्क्यू भी करते हैं। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उन्हें गुबानपुर क्षेत्र में एक घर में कोबरा घुसने की सूचना मिली। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद करने लगे।
इसी दौरान कोबरा ने अरुण की हाथ की इंडेक्स फिंगर पर काट लिया। इसके बावजूद अरुण ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने पहले कोबरा को सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और फिर उसी सांप को साथ लेकर रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंच गए। अस्पताल में जब लोगों ने डिब्बे में बंद जिंदा कोबरा देखा तो हर कोई दंग रह गया।
“सुबह करीब पांच बजे सांप निकलने की सूचना मिली थी। मैं रेस्क्यू करने पहुंचा। डिब्बे में बंद करते समय कोबरा ने मेरी उंगली पर काट लिया। इसके बाद मैं सांप को साथ लेकर इलाज के लिए अस्पताल आ गया।”
रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहीद ने बताया कि मरीज के हाथ की उंगली पर कोबरा के काटने के निशान हैं। अस्पताल पहुंचते ही उसका उपचार शुरू कर दिया गया और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कोबरा के काटने के बाद उसी सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल पहुंचने की यह घटना पूरे रामनगर में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि विशेषज्ञों की सलाह है कि सांप काटने की स्थिति में मरीज को बिना समय गंवाए तुरंत अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी होता है और अनावश्यक जोखिम लेने से बचना चाहिए।
