Action” महिला सुरक्षा में लापरवाही पर SSP अजय गणपति सख़्त, 2 महिला कांस्टेबल निलंबित….
ख़बर पड़ताल ब्यूरो। ऊधमसिंहनगर में महिला सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ajay Ganpati ने सख्त रुख अपनाते हुए महिला संबंधी मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अस्वीकार्य बताया है। एक नाबालिग युवती से जुड़े गंभीर प्रकरण में समय पर कार्रवाई न करने के आरोप में महिला हेल्प डेस्क पर तैनात दो महिला कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 मई 2026 को एक महिला पुलिस कार्यालय पहुंची और बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को आरोपी यश प्रताप सिंह 17 अप्रैल 2026 को बहला-फुसलाकर रुद्रपुर क्षेत्र से ले गया था। पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी द्वारा दुष्कर्म किए जाने के कारण उसकी पुत्री गर्भवती हो गई।
महिला का कहना है कि उसने मामले को लेकर कोतवाली रुद्रपुर, कोतवाली पंतनगर और महिला हेल्प डेस्क में कई बार शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी Ajay Ganpati ने महिला हेल्प डेस्क कोतवाली रुद्रपुर में तैनात महिला हेड कांस्टेबल पायल आर्या और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या को ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर तत्काल निलंबित कर दिया।
साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच क्षेत्राधिकारी पंतनगर डीआर वर्मा को सौंपी गई है। जांच अधिकारी को सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद में महिला अपराधों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है। प्रत्येक पीड़िता को त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी शिकायतों में किसी भी स्तर पर उदासीनता या असंवेदनशीलता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
