Breaking News

स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Share

स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

खबर पड़ताल ब्यूरो। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्पा सेंटर में चल रहे कथित देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया। टीम प्रभारी मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में महिला और पुरुष पुलिस कर्मी गश्त पर थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि सन सिटी कॉम्प्लेक्स स्थित एक स्पा सेंटर में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने दो युवकों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रम्पुरा निवासी विकास कुमार और सिंह कॉलोनी निवासी ओम विजय के रूप में हुई।

वहीं, स्पा सेंटर के काउंटर पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम हरीश शाह निवासी हल्द्वानी बताया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि स्पा सेंटर उसने रुद्रपुर निवासी सौरभ बांगा से किराए पर लिया हुआ है, जबकि उसकी अनुपस्थिति में संचालन विकास कुमार करता था।

पुलिस ने स्पा सेंटर के कमरों की तलाशी ली, जहां से तीन महिलाएं और एक युवती मिलीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे पिछले छह-सात महीनों से यहां काम कर रही थीं और संचालकों द्वारा अधिक कमाई का लालच देकर उनसे देह व्यापार कराया जाता था।

पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


Share