मैराथन की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र की दौड़ के दौरान हृदयगति रुकने से दुखद मृत्यु

रिपोर्टर – अंकिता मेहरा
ख़बर पड़ताल। शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ जब मैराथन की तैयारी कर रहा 19 वर्षीय छात्र भूपेंद्र देवली दौड़ते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भूपेंद्र हल्द्वानी के पाल कॉलेज में एमसीए का छात्र था और नियमित रूप से सुबह दौड़ लगाकर अभ्यास करता था। रविवार तड़के लगभग 5:30 बजे वह अपने मित्र विवेक के साथ भवाली रोड पर दौड़ के लिए निकला। दौड़ते समय जैसे ही वह कैलाखान के पास पहुँचा, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। गिरने से उसके चेहरे पर चोट भी आई।
घटना के तुरंत बाद उसके साथी विवेक ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भूपेंद्र, वन विभाग में कार्यरत कर्मचारी नंदन सिंह देवली का पुत्र था। वह पढ़ाई में होनहार होने के साथ-साथ खेलों में भी गहरी रुचि रखता था। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि दौड़ के दौरान उसे अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, वन विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों, मित्रों, कॉलेज के सहपाठियों और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है। सभी ने एक युवा और होनहार छात्र की असमय मृत्यु पर गहरा दुख जताया है।