Breaking News

“महाकुंभ भगदड़ मामला: किच्छा से गए कई लोग लापता, एक की मौत”

Share

ख़बर पड़ताल ब्यूरो, प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अवसर पर अमृत स्नान के दौरान मची भगदड़ में 17 लोगों की मौत हो गई। इसी बीच, उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा से आए श्रद्धालुओं में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि किच्छा से अमृत स्नान के लिए गए कई लोग लापता हो गए हैं, जबकि एक महिला की मौत हो गई है।

मृतक महिला की पहचान किच्छा के वार्ड नंबर 03, किशोर अस्पताल क्षेत्र निवासी गुड्डी देवी (57) के रूप में हुई है। उनके पुत्र का किच्छा में आर एस टेलीकॉम नाम से एक प्रतिष्ठान है। गुड्डी देवी की मौत की खबर से उनके परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। महिला अपने बेटे और बहू के साथ कुंभ स्नान के लिए गई थी, जब भगदड़ मची तो महिला अपने बेटे और बहु से अलग हो गई। जिसका शव आज सुबह बरामद हुआ है। फिलहाल प्रशासन ने अभी महिला का शव परिजनों को नहीं सौंपा है। सुबह उनके साथ गए उनके पुत्र ने घर पर फोन करके जानकारी दी। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है।

मौनी अमावस्या के दिन देर रात करीब 2 बजे जब भारी संख्या में श्रद्धालु संगम तट पर स्नान के लिए पहुंचे, तभी अचानक भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में कई लोग दब गए, कुछ घायल हो गए, और कई लोग बिछुड़ गए। किच्छा से गए कई श्रद्धालुओं का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। बता दें कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शहर से 2 से 4 बसे गई थीं।

प्रशासन की प्रतिक्रिया:

स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है, और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों की अपील:

लापता लोगों के परिजनों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द उनके प्रियजनों का पता लगाया जाए और सुरक्षित घर वापस लाया जाए। वहीं, मृतका गुड्डी देवी के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। इस घटना ने महाकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट:- साक्षी सक्सेना 


Share