Breaking News

“माँ चाहिए तो 1.50 लाख दो” — ओमान में फंसी महिला, बच्चों की करुण पुकार ने झकझोरा

Share

“माँ चाहिए तो 1.50 लाख दो” — ओमान में फंसी महिला, बच्चों की करुण पुकार ने झकझोरा

कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां नौकरी का लालच देकर एक मुस्लिम महिला को ओमान भेज दिया गया। अब महिला को वापस भारत लाने के लिए एजेंट 1.50 लाख रुपये की मांग कर रहा है। बीते दो महीनों से महिला अपने बच्चों और परिवार से दूर ओमान में फंसी हुई है।

मां की जुदाई में तड़प रहे बच्चों ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भावुक अपील की है। वीडियो में बच्चे रोते हुए कहते नजर आ रहे हैं—
“मोदी जी, योगी जी, हमारी माँ से मिलवा दो… हमें हमारी माँ चाहिए।”

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन का भी ध्यान खींचा है। बच्चों की इस करुण पुकार के बाद जाजमऊ थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक एजेंट ने ओमान भेजा था। अब वही एजेंट महिला को भारत वापस लाने के एवज में 1.50 लाख रुपये की डिमांड कर रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण यह रकम देना उनके लिए संभव नहीं है।

मामले को लेकर जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और यदि मानव तस्करी या धोखाधड़ी के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित एजेंट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, मां से बिछड़े बच्चों की आंखें सरकार और प्रशासन की ओर टिकी हैं, जिन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनकी माँ सुरक्षित घर लौटेगी।

Rajeev Chawla


Share