Breaking News

घास मंडी मोड़ पर कूड़ा फेंकने वालों पर लगेगा ₹5 हजार का जुर्माना, निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात।

घास मंडी मोड़ पर कूड़ा फेंकने वालों पर लगेगा ₹5 हजार का जुर्माना

नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर जारी किए सख्त निर्देश, निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात

रुद्रपुर। शहर के घास मंडी मोड़ पर लंबे समय से जमा कूड़े के ढेर को हटाने की कवायद शुरू हो गई है। वार्ड पार्षद के निवेदन पर नगर निगम की ओर से मौके से कूड़े का ढेर हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही, अब निर्धारित स्थान के अलावा सड़क, डिवाइडर अथवा आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वार्डवासियों से अपील की गई है कि घास मंडी मोड़ पर जहां पूर्व में कूड़ा डाला जाता था, वहां अब कोई भी व्यक्ति कूड़ा न डाले। इसके अलावा डिवाइडर पर खाने-पीने का सामान अथवा अन्य वस्तुएं फेंकने से भी बचें।

नगर निगम की ओर से मौके पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो कूड़ा फेंकने वाले लोगों की फोटो और उनकी जानकारी नगर निगम को उपलब्ध कराएंगे। इसके आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ ₹5,000 का चालान किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।

वार्ड पार्षद ने कहा कि नगर निगम की ओर से कार्रवाई के आदेश जारी होने के बाद अब किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति कूड़ा फेंकता हुआ दिखाई दे तो उसे ऐसा करने से रोकें और स्वच्छता अभियान में सहयोग करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ₹5,000 का चालान होने के बाद पार्षद होने के बावजूद वह संबंधित व्यक्ति की कोई मदद नहीं कर पाएंगे। उन्होंने सभी वार्डवासियों से जागरूक होकर इस अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की है।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र को कूड़े के ढेर से मुक्त कर स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखना है।