Breaking News

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली की सफलता से कार्यकर्ताओं को मिली नई उर्जाः गावा

Share

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली की सफलता से कार्यकर्ताओं को मिली नई उर्जाः गावा

रुद्रपुर । दिल्ली में आयोजित “वोट चोर गद्दी छोड़” रैली की ऐतिहासिक सफलता के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मीडिया को जारी अपने बयान में कहा कि रैली की सफलता ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार किया है, जो आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए निर्णायक साबित होगा।

जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने बताया कि रैली को लेकर प्रदेश में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा पिछले कई दिनों से की जा रही मेहनत का सार्थक परिणाम सामने आया। उन्होंने कहा यह महारैली ऐतिहासिक रूप से सफल रही और इसमें उत्तराखण्ड के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। विशेष रूप से जिला उधम सिंह नगर से हजारों कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ दिल्ली कूच किया और रैली में भाग लिया। यह दिखाता है कि पार्टी कार्यकर्ताओं का संगठन और उत्साह अब भी अपनी ताकत बनाए हुए है।

हिमांशु गावा ने आगे कहा कि रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को सुनने के लिए कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। उन्होंने कहा, रैली की सफलता ने यह साफ कर दिया है कि पूरे देश में भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनता में भारी रोष है। यह रैली भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए एक मार्ग प्रशस्त करेगी।

जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियां उनके पतन का कारण बनेंगी। जनता अब इस असंवेदनशील और विरोधाभासी नीतियों को नजरअंदाज नहीं करेगी। आगामी 2027 में उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

हिमांशु गावा ने कहा कि इस रैली ने न केवल कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है, बल्कि आगामी चुनावी रणनीति को भी मजबूती प्रदान की है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनता के बीच जाकर पार्टी के एजेंडे और विकास विरोधी नीतियों के बारे में जागरूकता फैलाएं। हिमांशु गावा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को आगे बढ़ाने और लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस रैली ने साबित कर दिया कि जनता और पार्टी कार्यकर्ता मिलकर किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं।

Rajeev Chawla


Share