किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने की शिव अरोड़ा के बयान की निंदा, कहा- राहुल गांधी पर टिप्पणी अशोभनीय और निंदनीय

रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर जो टिप्पणी की है, वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बल्कि अत्यंत अशोभनीय है।
बेहड़ ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेता हैं, कई बार के सांसद हैं और वर्तमान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में संवैधानिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे गरिमामयी पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की तुलनात्मक और आपत्तिजनक टिप्पणी करना पूरी तरह निंदनीय है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि भाजपा विधायक के इस बयान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी रोष है। बेहड़ ने मांग की कि विधायक शिव अरोड़ा को अपनी टिप्पणी पर तुरंत खेद प्रकट करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर हम भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ इसी तरह की अशोभनीय टिप्पणियां करें तो उन्हें भी तकलीफ होगी। बेहड़ ने तंज कसते हुए कहा कि विधायक शिव अरोड़ा अगर वाकई बोलना चाहते हैं, तो उन्हें भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर बोलना चाहिए।
विधायक बेहड़ ने अंत में कहा कि कांग्रेस पार्टी विधायक शिव अरोड़ा के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करती है और उन्हें संयमित भाषा के उपयोग की सलाह देती है।