Breaking News

क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट और नए साल का जश्न नैनीताल मनाने आ रहे है तो पहले जान ले नैनीताल पुलिस की तैयारी।

Share

क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट व नववर्ष पर नैनीताल में ट्रैफिक होगा आसान

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने की अहम गोष्ठी, रूट स्टीकर व शटल सेवा होगी लागू।

नैनीताल।
क्रिसमस, थर्टी फर्स्ट एवं नववर्ष के अवसर पर नैनीताल जनपद में उमड़ने वाली भारी पर्यटक भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों—नैनीताल, भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, कैंची धाम, रामनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुगम, सरल एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया।

गोष्ठी में एसपी यातायात/क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एसपी संचार रेवधर मठपाल, जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी तथा यातायात प्रभारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान संभावित यातायात दबाव, जाम की स्थिति और पर्यटकों को होने वाली असुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

रूट स्टीकर व्यवस्था लागू

एसएसपी नैनीताल ने निर्णय लिया कि जनपद की सीमाओं पर ही वाहनों का रूट निर्धारित कर अलग-अलग रंगों के डेस्टिनेशन आधारित रूट स्टीकर लगाए जाएंगे। इससे वाहन चालक अपने निर्धारित मार्ग पर ही आवागमन करेंगे और अनावश्यक जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।

22 दिसंबर की रात से लागू होगा डायवर्जन प्लान

यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए 22 दिसंबर 2025 की रात्रि से ही यातायात पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। हल्द्वानी, लालकुआं, भवाली और रामनगर से डायवर्जन प्लान लागू कर यातायात का दबाव नियंत्रित किया जाएगा। प्रत्येक प्रमुख प्वाइंट और बैरियर पर उप निरीक्षक रैंक के अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर उनकी जिम्मेदारी तय की गई है।

शटल सेवा से मिलेगी राहत

नैनीताल शहर में पार्किंग फुल होने की स्थिति आने से पहले ही शटल सेवा तत्काल शुरू की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त शटल वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं कैंची धाम क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए भवाली सेनिटोरियम से शटल सेवा संचालित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।

चैलेंजिंग प्वाइंट्स पर खुद मोर्चा संभालेंगे अधिकारी

यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए दो पालियों में ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही शहर के चैलेंजिंग प्वाइंट्स पर थाना और चौकी प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे। गडप्पू बैरियर सहित अन्य प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

मोबाइल पार्टियां व रूट पेट्रोलिंग

लगातार रूट क्लीयर रखने के लिए मोबाइल पार्टियों की तैनाती की जाएगी, जो नियमित रूप से रूट पेट्रोलिंग कर यातायात को सुचारू बनाए रखेंगी। नैनीताल तिराहा नया गांव, लालकुआं, सुभाषनगर बैरियर, तीनपानी, कुवरपुर-चोरगलिया, भीमताल तिराहा, रूसी समेत अन्य महत्वपूर्ण बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

व्यापक प्रचार-प्रसार

एसएसपी नैनीताल ने निर्देश दिए कि डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा और बैरियर सूची समय रहते तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जनपद के बॉर्डर और प्रमुख बैरियरों पर बड़े-बड़े डायवर्जन फ्लैक्सी बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।

उद्देश्य

इस संपूर्ण कार्ययोजना का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें और नैनीताल की यात्रा का आनंद ले सकें।

गोष्ठी में उपस्थित अधिकारी

गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित कुमार पांडे, क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, निरीक्षक एलआईयू ज्ञानेन्द्र कुमार शर्मा, प्रभारी यातायात हल्द्वानी, नैनीताल व भवाली, सीपीयू प्रभारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, थानाध्यक्ष मुखानी, काठगोदाम सहित अन्य थाना एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

Rajeev Chawla


Share