
फेसबुक पोस्ट को लेकर विवाद, एआरटीओ कार्यालय के बाहर युवक की कार फूंकी
ख़बर पड़ताल ब्यूरो । फेसबुक पर की गई एक पोस्ट को लेकर उपसंभागीय परिवहन विभाग (एआरटीओ कार्यालय) परिसर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पीड़ित युवक की अल्टो कार को एआरटीओ कार्यालय के बाहर आग के हवाले कर दिया गया।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार एआरटीओ कार्यालय में कार्यरत एक संविदाकर्मी और उसके सहयोगियों पर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
पीड़ित राहुल गुप्ता पुत्र रामशरण, निवासी भरथना चौराहा ने बताया कि वह किसी कार्य से एआरटीओ कार्यालय गया था। इसी दौरान कार्यालय में मौजूद संविदाकर्मी रवि दुबे और उसके साथियों ने फेसबुक पोस्ट को लेकर उसके साथ मारपीट की।
मारपीट की जानकारी उसने अपने मोहल्ले में रहने वाले बड़े भाई को दी, जो अल्टो कार संख्या UP 51 R 2590 से मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे।
पीड़ित का आरोप है कि जिला अस्पताल के पास रवि दुबे अपने 10–12 साथियों के साथ पहुंचा और दोबारा मारपीट की। आरोपियों ने कार छीन ली और कुछ देर बाद एआरटीओ कार्यालय के बाहर कार में आग लगा दी।
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
कार में आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर टेंडर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस का बयान
सिविल लाइन थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एफएसओ सुभाष चंद्र ने बताया कि आग लगने की सूचना पर दमकल टीम ने तत्काल कार्रवाई कर आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग लगने के कारणों की जांच पुलिस कर रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
