
वैलेंटाइन वीकेंड पर टूटा वादा, युवती ने सरयू में लगाई छलांग
ठंडे पानी ने बदला इरादा, मछुआरों ने किया लाइव रेस्क्यू; वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
ख़बर पड़ताल ब्यूरो। प्रेम प्रसंग में क्षणिक आवेश किस तरह जानलेवा कदम तक पहुंचा सकता है, इसका ताजा उदाहरण सरयू नदी में देखने को मिला। वैलेंटाइन वीकेंड पर प्रेमी से नाराज़ एक युवती ने थाना दोहरीघाट (मऊ) और बड़हलगंज (गोरखपुर) बॉर्डर के बीच बह रही सरयू नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, समय रहते मछुआरों की सूझबूझ और बहादुरी से उसकी जान बच गई।
देखिये वीडियो
बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी द्वारा किया गया वादा टूटने से बेहद आहत थी। गुस्से और भावनात्मक आवेश में वह नदी किनारे पहुंची और मौत को गले लगाने की नीयत से सरयू में कूद गई।
लेकिन जैसे ही वह ठंडे पानी में गिरी, उसे अपनी गलती का एहसास हुआ। डूबने से बचने के लिए वह हाथ-पैर मारकर खुद को सतह पर बनाए रखने की कोशिश करने लगी।
पुल और घाट पर मौजूद लोगों ने जब युवती को डूबते देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर पास में नाव चला रहे मछुआरे तुरंत सक्रिय हो गए। बिना समय गंवाए नाव नदी के बीच ले जाकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि मछुआरे कुछ मिनट भी देर कर देते तो बड़ा हादसा हो सकता था। रेस्क्यू के बाद युवती को सकुशल घर पहुंचा दिया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, युवती की जान बचाने वाले नाविकों की बहादुरी की जमकर सराहना की जा रही है।
यह घटना बताती है कि क्षणिक गुस्सा और भावनात्मक आवेश जीवन के लिए घातक हो सकता है। किसी भी कठिन परिस्थिति में संयम और संवाद ही समाधान का रास्ता है।
