भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने उपाध्यक्ष रजत दीक्षित को पद से हटाया, सदस्यता भी रद्द….
उधम सिंह नगर।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) उधम सिंह नगर में अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष शशांक बिष्ट ने आदेश जारी कर जिला उपाध्यक्ष रजत दीक्षित को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त कर दिया है। साथ ही उनकी सक्रिय सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल के निर्देश पर यह कदम उठाया गया। संगठन को लंबे समय से रजत दीक्षित के खिलाफ अनुशासनहीनता संबंधी शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष शशांक बिष्ट ने आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष भाजपा उत्तराखंड, प्रदेश महामंत्री संगठन, प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो उत्तराखंड और प्रदेश प्रभारी भाजयुमो उत्तराखंड को भी भेजी है।
इस कार्रवाई के बाद भाजयुमो जिले में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि संगठन में अनुशासन को बनाए रखने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।