Breaking News

अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का खुलासा, SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी की बड़ी कार्रवाई

Share

अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का खुलासा, SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी की बड़ी कार्रवाई

6.80 करोड़ के गबन में फरार चल रहे 02 मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, SSP ने आमजन को किया सतर्क

नैनीताल
जनता को अधिक ब्याज और निवेश की गारंटी का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी द्वारा जनपद में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने कोतवाली रामनगर में पंजीकृत एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी के तहत दर्ज एक बड़े वित्तीय घोटाले का सफल अनावरण किया।

“देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” के नाम पर ठगी

जांच में सामने आया कि अभियुक्तों द्वारा वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में खोली गई थी। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर तथा अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल समेत कई जनपदों के हजारों निवेशकों से धनराशि निवेश कराई गई।

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) और विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब ₹6 करोड़ 80 लाख की राशि का गबन किया और फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं तथा अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।

न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक लगातार दबिश दी। अंततः दिनांक 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य मुकदमों की भी जांच

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी और ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी संभावना है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

आपराधिक इतिहास

कोतवाली रामनगर: एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी

थाना मुखानी:

मु.अ.सं. 181/25, धारा 420 आईपीसी, 3/21 BUDS Act, 3 UPID Act

मु.अ.सं. 50/23, धारा 420 आईपीसी

 

गिरफ्तार अभियुक्त

1. हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)

खाते में प्राप्त राशि: ₹2 करोड़ 26 लाख

 

2. विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, हल्द्वानी, नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)

खाते में प्राप्त राशि: ₹4 करोड़ 58 लाख

 

गिरफ्तारी टीम

दीपक सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, लालकुआं

कांस्टेबल आनंदपुरी

कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट

पुलिस टीम को सम्मान

इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

SSP की आमजन से अपील

एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक लाभ के लालच में न आएं। किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और प्रामाणिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
नैनीताल पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Rajeev Chawla


Share