उत्तराखंड: राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा महिलाओ, बच्चियों और शिक्षा के लगातार कार्य किया जा रहा है, जिस तरह राज्य में महिलाओं के साथ अपराध बड़ते जा रहें हैं उसी क्रम में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं व बच्चों के प्रति हिंसा और बाल विवाह की सूचना देने एवं इसे रोकने का प्रयास करने वालों को सम्मानित करने की घोषणा की है।
जानकारी के लिए बता दें की अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तहत महिला सशक्तीकरण एवं सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी घोषणा की। साथ ही सीएम ने कहा हम उस संस्कृति के साधक हैं, जहां पुरुष की परिकल्पना नारी के बिना अधूरी मानी जाती है।मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाली मानसिक और शारीरिक हिंसा की घटनाओं को सक्षम स्तर पर सूचित करते हुए रोकने का प्रयास करने वाले व्यक्ति को महिला सुरक्षा प्रहरी के रूप में जाना जाएगा। सरकार की ओर से ऐसे व्यक्ति या समूह को विशेष अवसरों पर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा आपको बता दें की राज्य में समाज की कुरीति, बाल विवाह की पूर्वसूचना पुलिस को देने वाले या रोकने का प्रयास करने वाले व्यक्ति या संस्था को दस हजार रुपये की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। इन कार्यों में विशेष योगदान देने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।सीएम आगे ने कहा किसी समाज या राज्य की रीढ़, उसकी सशक्त महिलाएं हैं। यदि किसी राज्य की नारी शक्ति प्रगति कर रही है तो उस राज्य का विकास सुनिश्चित है, उसे कोई रोक नहीं सकता। उत्तराखंड के निर्माण में महिलाओं ने अपना विशेष योगदान दिया है। एक ओर जहां प्रदेश की मातृशक्ति ने पूरे समाज को विपरीत परिस्थितियों में जीना सिखाया, जूझना सिखाया, वहीं दूसरी ओर हर परिस्थिति में जीतना भी सिखाया है। राष्ट्र-निर्माण में महिलाएं, पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अहम भूमिका निभा रही हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा अब समय आ गया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के मन में भय पैदा किया जाए। ऐसे लोगों को ऐसा दंड मिले कि ऐसा घृणित अपराध करने से पहले इसके परिणाम के बारे में सोचकर उनकी रूह कांप जाए। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास के ई-पेपर ‘अपनी वाणी’ का शुरुआत किया एवं महिलाओं की आत्मरक्षा पर बनी लघु फिल्म का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह को रोकने एवं सामाजिक सरोकारों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
वहीं आपको बता दें की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए विभाग की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही है। एकल महिलाओं को भी सशक्त करने की जरूरत है। सरकार ने इसके लिए योजना शुरू करने का संकल्प लिया है। मंत्री ने कहा महिला सशक्तीकरण एवं सुरक्षा सप्ताह के तहत विभाग की ओर से पूरे सप्ताह कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बता दें की कार्यक्रम में विधायक दुर्गेश्वर लाल, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव एचसी. सेमवाल, विशेष सचिव रिद्धिम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।