उत्तराखंड: लोक सभा चुनाव 2024 से पहले उत्तराखंड कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है बता दें की हरिद्वार जिले में पूर्व दायित्वधारी मनोहरलाल शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री ऋषिपाल बालियान समेत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, पार्षद, सहकारी समितियों के पदाधिकारियों ने बीते शुक्रवार को भाजपा का दामन थाम लिया। और कांग्रेस पार्टी से विदा ले ली।
बता दें की प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इन सभी को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इसके साथ ही भाजपा का सदस्यता अभियान बीते शुक्रवार को तीसरे चरण में प्रवेश कर गया।
वहीं इस कार्यक्रम में उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में आने वाले सभी जनों का पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को श्रेष्ठ बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री मोदी ने अतुलनीय कार्य किए हैं। उन्होंने महाजनसंपर्क अभियान समेत पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। इसके साथ ही प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री निशंक ने कहा कि विजन को मिशन में बदलने का जो माद्दा प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाया है, उसे भारत ने जाना और विश्व ने माना है। उन्होंने नवागंतुक सदस्यों से कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के चमत्कारिक नेतृत्व वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में आए हैं। राष्ट्र सेवा के मिशन में सभी को सहयोग करना है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने सभी नए सदस्यों को महाजनसंपर्क अभियान के तहत टोल फ्री नंबर पर मिस्ड काल भी करवाई। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, आदित्य चौहान, मधु भट्ट, शोभाराम प्रजापति आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट: साक्षी सक्सेना